बैंकिंग सिस्टम में नकदी की कमी (लिक्विडिटी क्रंच) के बीच भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंकों को बड़ी राहत दी है। केंद्रीय बैंक ने नकद आरक्षित अनुपात (CRR) के दैनिक न्यूनतम रखरखाव की सीमा 99 प्रतिशत से घटाकर 90 प्रतिशत कर दी है।
आरबीआई ने आज जारी अधिसूचना में बताया कि यह फैसला मौजूदा और भविष्य में उभरने वाली व्यापक आर्थिक परिस्थितियों (मैक्रोइकोनॉमिक स्थिति) के आकलन के साथ-साथ बैंकिंग प्रणाली में नकदी की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। यह नया नियम 1 दिसंबर 2026 से शुरू होने वाले पखवाड़े से प्रभावी होगा।
पांच महीने बाद बैंकिंग सिस्टम में नकदी की कमी
आरबीआई का यह कदम ऐसे समय आया है, जब कुछ ही दिन पहले भारतीय बैंकिंग प्रणाली में पांच महीने बाद नकदी की स्थिति अधिशेष (सरप्लस) से घाटे (डेफिसिट) में पहुंच गई थी। इसकी प्रमुख वजह वस्तु एवं सेवा कर (GST) के भुगतान के कारण नकदी का बाहर जाना और विदेशी मुद्रा बाजार में आरबीआई का हस्तक्षेप माना जा रहा है।
CRR की दैनिक न्यूनतम सीमा में कटौती से बैंकों को अपने नकद आरक्षित भंडार के प्रबंधन में अधिक लचीलापन मिलेगा। इससे बैंकिंग प्रणाली में उपलब्ध नकदी की स्थिति को संभालने में मदद मिल सकती है।
