केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ हुई बजट-पूर्व परामर्श बैठकों में 13 क्षेत्रों और विभिन्न हितधारक समूहों के 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इन चर्चाओं में नवाचार आधारित विकास को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, सामाजिक एवं आर्थिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और अर्थव्यवस्था को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर जोर दिया गया।
इन बैठकों में उद्योग संघों, विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, युवाओं और विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवरों ने भाग लिया। इनमें कृषि एवं ग्रामीण विकास, विनिर्माण, एमएसएमई (MSME) एवं स्टार्टअप, पूंजी बाजार, बैंकिंग एवं बीमा (BFSI), सूचना प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचा, ऊर्जा, रोजगार एवं श्रम, शहरीकरण, स्वास्थ्य, अनुसंधान एवं विकास, उच्च एवं स्कूली शिक्षा, कौशल विकास और खेल जैसे क्षेत्र शामिल रहे। आर्थिक मामलों के विभाग की सचिव अनुराधा ठाकुर, मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे।
आर्थिक विकास और समावेशी सुधारों पर जोर हितधारकों ने व्यापक और समावेशी विकास सुनिश्चित करते हुए आर्थिक वृद्धि को गति देने वाले सुधारों की वकालत की। चर्चा के दौरान भारत की मानव पूंजी, नवाचार तंत्र, विनिर्माण क्षेत्र की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता, कृषि उत्पादकता, आवास सुरक्षा और शिक्षा के परिणामों को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
एआई, कृषि और एमएसएमई के लिए प्रमुख सिफारिशें बैठक में जैव उर्वरकों और उन्नत जैव प्रौद्योगिकी आधारित कृषि इनपुट के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने का सुझाव रखा गया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में देश की क्षमता बढ़ाने के लिए स्थानीय हार्डवेयर के अनुकूल और विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों के मुताबिक विशेष एआई मॉडल विकसित करने की बात कही गई। इसके साथ ही एमएसएमई और छोटे वित्तीय संस्थानों में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाने और ग्रामीण युवाओं को गैर-कृषि क्षेत्र में रोजगार व उद्यमिता से जोड़ने की सिफारिश भी की गई।
शिक्षा और शहरी विकास पर खास प्रस्ताव शिक्षा के क्षेत्र में एक देशव्यापी पठन अभियान शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि हर बच्चा पांचवीं कक्षा पूरी करने तक अखबार पढ़ने और समझने में सक्षम हो सके। इसके अतिरिक्त, शहरी इलाकों में किफायती आवास की उपलब्धता बढ़ाने के लिए किराये के मकानों को प्रोत्साहित करने और युवाओं को रोजगार व उद्यमिता के बेहतर अवसर देने के लिए टियर-2 व टियर-3 शहरों के विकास में तेजी लाने की सिफारिश की गई।
