भारत में बेरोजगारी दर नवंबर महीने में घटकर 4.7 प्रतिशत पर आ गई है, जो अप्रैल के बाद अब तक का सबसे निचला स्तर है। यह आंकड़ा 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए है। यह जानकारी सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) द्वारा जारी मासिक श्रम बल और बेरोजगारी आंकड़ों में सामने आई है।
आंकड़ों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर घटकर 3.9 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो अब तक का नया न्यूनतम स्तर है। वहीं शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर घटकर 6.5 प्रतिशत रही, जो इस वर्ष पहले दर्ज किए गए सबसे निचले स्तर के बराबर है। इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि रोजगार के अवसरों में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
इस बीच 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए श्रम बल भागीदारी दर यानी लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट (LFPR) नवंबर में बढ़कर 55.8 प्रतिशत हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में LFPR बढ़कर 58.6 प्रतिशत दर्ज की गई, जो कार्यबल में ग्रामीण आबादी की बढ़ती भागीदारी को दर्शाती है। हालांकि शहरी क्षेत्रों में LFPR में हल्की गिरावट देखी गई और यह 50.4 प्रतिशत रही।
LFPR उन लोगों का अनुमान दर्शाता है जो वर्तमान साप्ताहिक स्थिति (करेंट वीकली स्टेटस – CWS) के तहत सक्रिय रूप से कार्यबल में शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बेरोजगारी दर में कमी और श्रम बल भागीदारी में सुधार भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत हैं।
