भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में शानदार मजबूती देखने को मिली। दिन के कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,225.07 अंक या 1.62 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,917.85 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 370.05 अंक यानी 1.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,810.85 पर बंद हुआ।
बाजार में इस तेजी को मुख्य रूप से एफएमसीजी, रियल्टी और खपत (कंजप्शन) से जुड़े शेयरों का जबरदस्त सहारा मिला। निफ्टी एफएमसीजी 3.65%, निफ्टी रियल्टी 2.33% और निफ्टी कंजप्शन 2.29% की तेजी के साथ टॉप गेनर्स रहे। इसके अलावा प्राइवेट बैंक, ऑटो और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। हालांकि, इसके विपरीत निफ्टी पीएसयू बैंक, मेटल और एनर्जी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए।
लार्जकैप शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी रौनक रही। विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में कमी, दूसरी तिमाही के मजबूत कॉरपोरेट नतीजे और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की वापसी ने बाजार के सेंटिमेंट को काफी मजबूत किया है।
