मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि विकसित भारत–जी राम जी योजना छत्तीसगढ़ के गांवों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। रायपुर में आयोजित एक पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण मजदूरों को अब पहले की तुलना में अधिक अवसर मिलेंगे और उनकी आय में भी बढ़ोतरी होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जी राम जी योजना के अंतर्गत अब मजदूरों को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही मजदूरी की दर में वृद्धि की गई है और मजदूरी का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाएगा। इससे ग्रामीण श्रमिकों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उन्हें अपने गांव में ही रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि पलायन पर भी रोक लगेगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास जताया कि जी राम जी योजना से छत्तीसगढ़ के ग्रामीण परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और राज्य के गांव विकास के नए रास्ते पर आगे बढ़ेंगे।
