प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश का युवा वर्ग एक मजबूत और समृद्ध भारत के निर्माण की सबसे बड़ी प्रेरक शक्ति है। आज सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में प्रधानमंत्री ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के माध्यम से देश के युवाओं से संवाद को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अद्भुत ऊर्जा, उत्साह और अद्वितीय जोश से प्रेरित देश की युवा शक्ति राष्ट्र की प्रगति और विकास के प्रति पूरी तरह समर्पित है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को नई दिल्ली में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 के समापन सत्र में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री देशभर से आए तीन हजार युवाओं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भी शामिल होंगे, से सीधा संवाद करेंगे।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 के तहत तैयार किए गए निबंध संकलन का भी विमोचन करेंगे, जिसमें देश के विकास लक्ष्यों और दीर्घकालिक राष्ट्र निर्माण की दृष्टि पर युवाओं द्वारा लिखे गए चयनित निबंध शामिल हैं।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग युवाओं को राष्ट्रीय नेतृत्व से जुड़ने का एक सशक्त मंच प्रदान करता है। यह पहल प्रधानमंत्री के उस आह्वान के अनुरूप है, जिसमें बिना किसी राजनीतिक संबद्धता के एक लाख युवाओं को राजनीति से जोड़ने और विकसित भारत के लिए उनके विचारों को वास्तविकता में बदलने पर जोर दिया गया है।
वर्ष 2026 के इस संस्करण में विभिन्न स्तरों पर 50 लाख से अधिक युवाओं ने भागीदारी की है। पहले संस्करण की सफलता को आगे बढ़ाते हुए इस बार ‘डिज़ाइन फॉर भारत’, ‘टेक फॉर विकसित भारत–हैक फॉर ए सोशल कॉज’ जैसी नई पहलें, विस्तारित विषयगत चर्चाएं और पहली बार अंतरराष्ट्रीय सहभागिता को शामिल किया गया है, जिससे इस मंच का प्रभाव और अधिक सशक्त हुआ है।
