उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वाइजी गैंग (YG Gang) के मुख्य आरोपित याहिया को गिरफ्तार किया है। कैराना पुलिस ने याहिया के कब्जे से 10 अवैध पिस्टल और 9 तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जिलों में अवैध हथियारों की सप्लाई करता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि याहिया गुजरात से अवैध हथियार लाकर उन्हें पश्चिमी यूपी और हरियाणा में सप्लाई करता था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि प्यार में धोखा मिलने के बाद उसने अपनी प्रेमिका के नाम के शुरुआती अक्षरों पर वाइजी गैंग की स्थापना की थी और इसके जरिए हथियारों की तस्करी का नेटवर्क खड़ा किया।
कैराना पुलिस के मुताबिक, याहिया 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी था और उसे एक लूट की वारदात के मामले में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी आरिफ के साथ मिलकर कई जनपदों में हथियारों की बिक्री करता था।
पुलिस अब इस पूरे अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।
