मुख्य सचिव अनुराग जैन ने राजधानी भोपाल सहित मध्य प्रदेश के 7 प्रमुख नगरों में वायु गुणवत्ता स्तर को बेहतर बनाए रखने के लिए वर्तमान और दीर्घकालीन कार्य योजनाएँ 30 नवंबर तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश मंत्रालय में आयोजित नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (NCAP) की राज्य स्तरीय स्टीयरिंग कमेटी की बैठक के दौरान दिए गए।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, सागर और देवास के कलेक्टर, एसपी और नगर निगम के आयुक्त भी शामिल हुए।
मुख्य सचिव ने वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए अधिक प्रभावी उपायों पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक नगर के लिए एक ठोस व वैज्ञानिक कार्य योजना तैयार की जाए, ताकि आने वाले समय में वायु गुणवत्ता को स्थिर और बेहतर रखा जा सके।
