शतरंज में विश्व चैंपियन डी. गुकेश कल नीदरलैंड के विज्क आन ज़ी में प्रतिष्ठित टाटा स्टील मास्टर्स टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। उनका पहला मुकाबला उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव से होगा।
गुकेश ने 2024 में चीन के डिंग लिरेन को हराकर विश्व खिताब जीता था। पिछले साल टाटा स्टील मास्टर्स में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन टाई-ब्रेक में अपने हमवतन आर. प्रज्ञानानंदा से हारकर दूसरे स्थान पर रहे थे।
डिफेंडिंग चैंपियन प्रज्ञानानंदा आगामी कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। वहीं भारत के शीर्ष वरीय और सबसे अधिक रेटिंग वाले खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी यहां अपना पहला टाटा स्टील खिताब जीतने की कोशिश में हैं। भारतीय चुनौती को पूरा करने वाले चौथे खिलाड़ी अरविंद चितांबरम हैं।
