मथुरा जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 29 किसानों से 66.28 लाख रुपये की फर्जी बीमा राशि की वसूली की जाएगी। कृषि विभाग ने जिला स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर इन किसानों के खिलाफ आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर दी है।
ये किसान वर्ष 2021-22 में गलत तरीके से फसल बीमा क्लेम प्राप्त कर चुके थे, जिसके संबंध में उन्हें पहले भी नोटिस जारी किए गए थे। विभाग की जांच में यह पाया गया कि बीमा दावा नियमों के विपरीत तरीके से लिया गया था।
उप कृषि निदेशक वसंत कुमार दुबे ने बताया कि जिले में कुल 42 लोगों के 61 आवेदनों के माध्यम से 90.60 लाख रुपये की वसूली की जानी है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित किसानों को फर्जी बीमा क्लेम की राशि जमा करने के लिए नोटिस भेजे जा चुके हैं।
