मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने ननूरखेड़ा स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, देहरादून से ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। मुख्य सचिव ने कहा कि हर बच्चा विशेष होता है और उसमें कोई न कोई प्रतिभा जरूर होती है। उन्होंने सभी शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की क्षमताओं को पहचान कर उनका सही दिशा में विकास करें।
मुख्य सचिव ने छात्रों को यह भी समझाया कि आज का समय मोबाइल और तकनीक का युग है, लेकिन इसका नियंत्रण हमें रखना चाहिए, न कि यह हमें नियंत्रित करे। उन्होंने कहा कि किताबें पढ़ना, खेलकूद और रचनात्मक सोच सफलता की कुंजी हैं और इसका कोई शॉर्टकट नहीं है।
उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम को और व्यापक किया जाए। इसमें उद्योगपति, वैज्ञानिक, प्रोफेसर और विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य कर रहे व्यक्तियों से बच्चों की मार्गदर्शन सत्र आयोजित कराई जाए। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की शुरुआत क्लस्टर विद्यालयों से की जाएगी और धीरे-धीरे इसे सभी स्कूलों तक पहुँचाया जाएगा।
