भारत सरकार ने एस.ए.एस.सी.आई. यानी स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट योजना के तहत उत्तराखंड के लिए कुल 759 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना के माध्यम से राज्य में बुनियादी ढांचे और पूंजीगत निवेश से जुड़ी परियोजनाओं को गति मिलेगी।
योजना के प्रथम चरण में उत्तराखंड को 734 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद अब 25 करोड़ रुपये की एक और किस्त जारी की गई है। इस प्रकार एसएएससीआई योजना के अंतर्गत राज्य के लिए अब तक कुल 759 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं, जिससे विकास कार्यों को और मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस वित्तीय सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य के विकास में निरंतर सहयोग प्रदान कर रही है, जिसके कारण उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है और राज्य की आधारभूत संरचना सुदृढ़ हो रही है।
