मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी संबंधित जिलों के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में संभावित बारिश, बर्फबारी, पाला और शीतलहर से उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों से निपटने के लिए जनपदों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
सचिव आपदा प्रबंधन ने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक संसाधन समय रहते उपलब्ध रखे जाएं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
ठंड से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थलों और जरूरतमंद क्षेत्रों में अलाव की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही रैनबसेरों में बिजली, पेयजल, बिस्तर और हीटर जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि जरूरतमंद लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अलावा निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को दी जाए और जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रखे जाएं।
