सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार में राज्य मंत्री अजय टम्टा ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड में सड़क, राष्ट्रीय राजमार्ग और आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी तथा वर्तमान और प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए सशक्त सड़क नेटवर्क विकास और पर्यटन दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने उत्तराखंड के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर परियोजनाओं को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश बाईपास, अल्मोड़ा-दन्या-पनार-घाट मार्ग, ज्योलिकोट-खैरना-गैरसैंण-कर्णप्रयाग मार्ग तथा अल्मोड़ा-बागेश्वर-कांडा-उडियारी बैंड मार्ग जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्तावों को प्रमुखता से रखा जाएगा।
इन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के पूर्ण होने से उत्तराखंड में सड़क नेटवर्क और अधिक सुदृढ़ होगा, यातायात व्यवस्था सुगम बनेगी तथा दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।
