उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून लाइब्रेरी, परेड ग्राउंड के निकट आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 130वां एपिसोड सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हो रहे नवाचारों और तकनीकी प्रगति की सराहना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से इनोवेशन, साइंस, टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
एआई के बढ़ते प्रभाव पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में लगभग हर क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि जो कार्य पहले कई दिनों में पूरे होते थे, वे अब एआई की मदद से कुछ ही घंटों में संभव हो सकेंगे। इससे न केवल कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में एआई के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विज्ञान, आईटी और प्रौद्योगिकी से जुड़े विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार नई तकनीकों को अपनाकर प्रशासनिक कार्यों को अधिक सरल, तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
