राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर हरिद्वार में विभिन्न स्थानों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा विशेष कैंप लगाकर मतदाताओं की मैपिंग का कार्य किया गया। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। जिन नागरिकों का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज है, उनकी पहचान और सत्यापन कर उनका नाम नई मतदाता सूची में जोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर कैंप आयोजित किए गए।
अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने इस अवसर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा रहे हैं, जबकि गलत तरीके से बनाए गए मतदाता पहचान पत्रों को सूची से हटाया जा रहा है, ताकि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।
इस मौके पर सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) डॉ. सुनील बत्रा ने जानकारी दी कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) से पहले मतदाताओं की मैपिंग का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के नाम 2003 की सूची में हैं, उनके मतदाता पहचान पत्र बनाए जा रहे हैं। साथ ही, जो नए मतदाता 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, वे भी निर्धारित प्रपत्र भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं।
