शारदीय कांवड़ यात्रा को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर लगातार बैठकों और समन्वय की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में आज हरिद्वार के उप जिलाधिकारी पी.आर. चौहान ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, सिंचाई विभाग, एनएचएआई सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागीय अधिकारियों ने कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर अब तक किए गए कार्यों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी साझा की। यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, मार्गों की स्थिति, जल व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण जैसे विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
प्रशासन ने तय किया है कि 28 जनवरी को कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारी स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे, ताकि व्यवस्थाओं का मौके पर आकलन कर आवश्यक सुधार समय रहते किए जा सकें। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कांवड़ यात्रा सुचारू एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हो।
