अमृतसर पुलिस ने ज्वैलर्स को फिरौती की धमकियां देने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक मुख्य आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आपराधिक घटनाएं कुख्यात सट्टा नुशेरा गैंग द्वारा अंजाम दी जा रही थीं।
पुलिस द्वारा गठित विशेष टीमों ने पहले जशनदीप नामक युवक को हिरासत में लिया। उसकी पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जोबनजीत और गुरकीरत उर्फ कीरत को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जोबनजीत इस मामले का मुख्य आरोपी है, जो वारदात के दौरान मोटरसाइकिल चला रहा था।
घटना उस समय घटी जब पुलिस रिमांड के दौरान जोबनजीत ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की और एक पुलिसकर्मी का सर्विस पिस्टल छीन लिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, जिसमें गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह एक ब्लाइंड केस था, जिसे अमृतसर पुलिस ने रिकॉर्ड समय में सुलझा लिया। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
