देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से छात्र कौशल संवर्धन कार्यक्रम के तहत ‘लैब ऑन व्हील्स’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अत्याधुनिक मोबाइल लैब प्रदेश के छात्रों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), कोडिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और अन्य उभरती तकनीकों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगी।

यह मोबाइल प्रयोगशाला छात्रों को विज्ञान विषय से जुड़े विभिन्न प्रयोगों को वर्चुअल मोड में सीखने का अवसर भी देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘लर्निंग बाई डूइंग’ के सिद्धांत पर आधारित यह पहल छात्रों के लिए एक सशक्त और प्रभावी प्लेटफॉर्म सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित यह लैब अगले पाँच वर्षों तक पूरे उत्तराखंड के शैक्षणिक संस्थानों में जाकर छात्रों को हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग प्रदान करेगी। इसका उद्देश्य युवाओं को वैश्विक स्तर की तकनीकी संभावनाओं से जोड़ना और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को तकनीकी रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए युवाओं को आधुनिक डिजिटल कौशल से लैस करना आवश्यक है। ‘लैब ऑन व्हील्स’ विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों तक पहुँचकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगी।
यह पहल इंफोसिस फाउंडेशन के स्प्रिंगबोर्ड प्रोग्राम के सहयोग से संचालित की जा रही है, जिसका लक्ष्य डिजिटल और तकनीकी शिक्षा में सभी छात्रों को समान अवसर उपलब्ध कराना है।
