उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 में शामिल ‘प्ले इंडिया मिशन’ की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल देश में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू किया गया यह मिशन देश के युवाओं को प्रतिभा, तकनीक और बेहतर प्रशिक्षण से जोड़ने का काम करेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस मिशन के तहत खेल प्रशिक्षण केंद्रों को मजबूत किया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षकों और सहायक स्टाफ के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा खेल विज्ञान और आधुनिक तकनीक को खेल व्यवस्था में शामिल किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि मजबूत खेल विभाग और आधुनिक संसाधनों के माध्यम से यह पहल भारत को वैश्विक खेल मंच पर और अधिक सशक्त बनाएगी। इससे खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और देश का खेल प्रदर्शन भी बेहतर होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्ले इंडिया मिशन से उत्तराखंड के युवाओं को भी नए अवसर मिलेंगे। इससे राज्य के युवाओं को खेल क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और मंच मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मिशन युवाओं के लिए नए अवसर, नई उड़ान और नया आत्मविश्वास लेकर आएगा।
सरकार का उद्देश्य इस मिशन के माध्यम से देश में खेल प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें विकसित करना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की खेल शक्ति को मजबूत करना है।
