पंजाब के बुढलाडा इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बुढलाडा के जाखल रोड पर ट्रक और डिजायर कार के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलजिंदर सिंह, नवजोत सिंह और दलजीत सिंह, जो कि लहरागागा के गांव गड़दयाली के रहने वाले थे, अपनी डिजायर कार में सवार होकर अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बुढलाडा के जाखल रोड पर सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलजिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नवजोत सिंह और दलजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल मानसा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस मामले में थाना सिटी बुढलाडा के प्रभारी इंस्पेक्टर कंवलजीत सिंह ने बताया कि मृतक बलजिंदर सिंह के पिता दारा सिंह के बयान के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी चालक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
