‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के छात्र रोहन सिंह राणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फूलदेई लोकपर्व के प्रतीक के रूप में पारंपरिक टोकरी भेंट की। इस मौके पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की झलक देखी।
इस अवसर पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि यह क्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के प्रति आत्मीय लगाव और गहरे सम्मान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को सम्मान देते रहे हैं।
सांसद बलूनी ने कहा कि फूलदेई केवल एक त्योहार नहीं बल्कि उत्तराखंड की जीवंत लोक परंपरा का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति से जुड़ाव, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से देश की विविध सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलती है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह क्षण लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों पर गर्व करने की प्रेरणा देता है और आने वाली पीढ़ियों तक इन परंपराओं को पहुंचाने की जिम्मेदारी का अहसास कराता है।
