जनसामान्य, विशेषकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले लगातार जनहित का मजबूत माध्यम बनकर उभर रहे हैं। इसी क्रम में 2 फरवरी 2020 से शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत 8 फरवरी 2026 को पूरे प्रदेश में 239वां मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया।
शुरुआत से ही इन स्वास्थ्य मेलों को जनता का अच्छा प्रतिसाद मिला है। मेलों में लोगों को मुफ्त जांच, उपचार, गोल्डेन कार्ड वितरण और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। यही वजह है कि यह मेला आम जनता के बीच लगातार लोकप्रिय होता जा रहा है।
स्वास्थ्य मेले में आने वाले मरीजों को इलाज के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता और पर्यावरणीय स्वच्छता के महत्व के बारे में समझाया गया। साथ ही जलजनित रोगों से बचाव के उपाय बताए गए। मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से बचने के लिए सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने और आसपास पानी जमा न होने देने की सलाह दी गई।
मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए भी व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। मेले में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के साथ मरीजों के बैठने की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान और गैर संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर भी जोर दिया गया। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सवालों का समाधान भी विशेषज्ञों द्वारा किया गया।
गंभीर मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था की गई, जिसमें उन्हें मुफ्त एम्बुलेंस सुविधा के जरिए उच्च चिकित्सा केंद्रों पर रेफर किया गया। इसके अलावा पात्र लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड बनाकर मौके पर ही वितरित किए गए।
8 फरवरी 2026 को आयोजित इस 239वें मेले में कुल 1,23,736 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 53,162 पुरुष, 56,409 महिलाएं और 14,165 बच्चे शामिल रहे। गंभीर बीमारी से ग्रसित 1,293 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया। वहीं 4,712 गोल्डेन कार्ड बनाए और वितरित किए गए।
इस मेले को सफल बनाने में 5,216 चिकित्सकों, 15,885 पैरामेडिकल स्टाफ और 2,232 आईसीडीएस स्टाफ ने अपनी सेवाएं दीं। मेले में कुल 15,572 फीवर के मामले सामने आए। डेंगू के 1,697 टेस्ट किए गए, जिनमें 5 मरीज पॉजिटिव पाए गए। वहीं कोविड के 16 एंटीजन टेस्ट किए गए, जिनमें कोई भी मरीज पॉजिटिव नहीं मिला।
अब तक आयोजित सभी मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में कुल 14,30,96,832 मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। इसके अलावा 3,80,060 गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों पर रेफर किया गया और 20,19,179 गोल्डेन कार्ड बनाए जा चुके हैं।
प्रदेश सरकार का यह प्रयास स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनता तक पहुंचाने और गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
