महाराजा भूपिंदर सिंह स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी को नया नेतृत्व मिल गया है। विश्वविद्यालय के नवनियुक्त वाइस चांसलर पुष्पिंदर सिंह ने आज औपचारिक रूप से अपना पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि युवाओं में तेजी से बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति चिंता का विषय है और इसे रोकने के लिए युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने भरोसा जताया कि वह विश्वविद्यालय में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पूरी मेहनत और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।
पुष्पिंदर सिंह ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी युवाओं को मजबूत और अनुशासित बनाते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता होगी कि अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ा जाए और उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से उन्हें पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया गया है। सरकार ने यह भरोसा दिलाया है कि विश्वविद्यालय के विकास और संचालन के लिए जिन भी सुविधाओं और संसाधनों की आवश्यकता होगी, विशेष रूप से वित्तीय सहायता से जुड़े मामलों में, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विश्वविद्यालय में आधुनिक खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण संसाधनों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
नवनियुक्त वाइस चांसलर ने बच्चों और खिलाड़ियों के पोषण पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की बेहतर प्रदर्शन क्षमता के लिए संतुलित और वैज्ञानिक पोषण बेहद जरूरी है। इसके लिए विश्वविद्यालय स्तर पर बेहतर न्यूट्रिशन सिस्टम विकसित करने की योजना बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभागों को भेजा जाएगा, ताकि खिलाड़ियों के लिए पोषण प्रबंधन का एक मजबूत और व्यवस्थित ढांचा तैयार किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य केवल खिलाड़ियों को तैयार करना नहीं, बल्कि स्वस्थ और जागरूक युवा पीढ़ी तैयार करना है। विश्वविद्यालय आने वाले समय में खेल शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान के क्षेत्र में भी नए आयाम स्थापित करने की दिशा में काम करेगा।
