टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 14वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आयरलैंड को 67 रन से हराया। यह जीत रनों के अंतर के लिहाज से टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी सबसे बड़ी जीत रही। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम ग्रुप-बी की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।
टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी जीत 2010 में दर्ज हुई थी, जब टीम ने ब्रिजटाउन में श्रीलंका को 81 रन से हराया था। उसी साल ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 49 रन से जीत हासिल की थी। इसके अलावा 2022 में ब्रिस्बेन में आयरलैंड को 42 रन से और टी20 वर्ल्ड कप 2024 में ओमान को 39 रन से हराया था।
बुधवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 182 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से कैमरून ग्रीन और जोश इंगलिस ने दूसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 49 रन की तेज साझेदारी की। जोश इंगलिस ने 37 रन बनाए, जबकि कैमरून ग्रीन ने 11 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 21 रन बनाए।
मिडिल ऑर्डर में मैट रेनेशॉ और मार्कस स्टोइनिस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों खिलाड़ियों ने पांचवें विकेट के लिए 44 गेंदों में 61 रन जोड़े। स्टोइनिस ने 29 गेंदों में 45 रन की तेज पारी खेली, जबकि रेनेशॉ ने 37 रन बनाए। आयरलैंड की ओर से मार्क अडायर ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड टीम दबाव में नजर आई और 16.5 ओवर में 115 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से जॉर्ज डॉकरेल ने सबसे ज्यादा 29 गेंदों में 41 रन बनाए, जबकि लॉरेन टकर ने 24 रन का योगदान दिया।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी में नाथन एलिस और एडम जांपा ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों गेंदबाजों ने 4-4 विकेट हासिल किए। नाथन एलिस ने 12 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि एडम जांपा ने 23 रन देकर 4 विकेट झटके। मैथ्यू कुहनेमैन को 1 विकेट मिला।
इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया टीम का नेट रन रेट भी मजबूत हुआ है और टीम ग्रुप-बी में शीर्ष पर पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया अब 13 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगा।
