उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौ संरक्षण पर आधारित फिल्म ‘गौदान’ का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने फिल्म की विषयवस्तु को भारतीय संस्कृति, ग्राम्य जीवन और गौ-संवर्धन की परंपरा से जुड़ा एक सार्थक और प्रेरणादायी प्रयास बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि गाय केवल आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, जैविक खेती को बढ़ावा देने, पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने और पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि ‘गौदान’ जैसी फिल्में समाज में गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। मुख्यमंत्री ने ऐसे प्रयासों को समाज के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ संरक्षण केवल सांस्कृतिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि पर्यावरण और ग्रामीण विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय भी है। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है और समाज की सहभागिता भी उतनी ही जरूरी है।
