चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘नशा मुक्त और अपराध मुक्त पंजाब’ के विजन को साकार करने के लिए पंजाब पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। डीजीपी गौरव यादव के नेतृत्व में चलाए गए इस 72 घंटे के विशेष अभियान के दौरान राज्य भर में 3,260 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
गैंगस्टरों और नशा तस्करों पर चौतरफा वार विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि इस ऑपरेशन के लिए 2,000 से अधिक पुलिस टीमें बनाई गई थीं, जिसमें 12,000 से अधिक पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। राज्य भर में कुल 8,278 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। गिरफ्तार किए गए लोगों में 135 घोषित अपराधी (PO) भी शामिल हैं, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।
बरामदगी का विवरण: पुलिस ने इस सघन तलाशी अभियान के दौरान न केवल गिरफ्तारियां कीं, बल्कि अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए भारी मात्रा में अवैध सामान भी जब्त किया:
- हथियार: 47 अवैध हथियार बरामद।
- नशीले पदार्थ: 4.8 किलोग्राम हेरोइन, 3.6 किलोग्राम अफीम, 68 किलोग्राम भुक्की (Poppy Husk) और 42,797 नशीली गोलियां।
- नकदी: लगभग 30 लाख रुपये की ‘ड्रग मनी’ जब्त की गई।
मुख्यमंत्री का संकल्प मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस अभियान की सफलता पर पुलिस बल को बधाई देते हुए कहा कि राज्य में असामाजिक तत्वों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ और ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान तब तक जारी रहेंगे जब तक पंजाब पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हो जाता।
