राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत आज चमोली जिले के सभी न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला न्यायाधीश विध्यांचल सिंह के निर्देशन में जिला न्याय भवन गोपेश्वर में यह आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का आपसी सहमति के आधार पर समाधान किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली के सचिव तथा वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश पुनीत कुमार ने बताया कि लोक अदालत में जिले के सभी न्यायालयों ने भाग लिया और कुल 202 मामलों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया गया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लोगों को त्वरित और सरल न्याय उपलब्ध कराने का उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
इस अवसर पर लाभार्थी सुरेंद्र और कुंवर सिंह ने बताया कि उनका मामला कई वर्षों से न्यायालय में लंबित था, जिसका आज राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सहमति से समाधान हो गया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से समय और धन दोनों की बचत हुई तथा उन्हें शीघ्र न्याय मिला।
