उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित डी.ए.वी. (पी.जी.) कॉलेज में आयोजित छात्र संघ समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उनके साथ अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियों को साझा किया और युवाओं के उत्साहवर्धन हेतु सरकार की प्रतिबद्धताओं को दोहराया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि युवा न केवल देश का भविष्य हैं, बल्कि वर्तमान में राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति भी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज नया भारत बनाने में युवाओं की ऊर्जा और शक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं को सशक्त, स्वावलंबी और सक्षम बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्रों में निरंतर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं ताकि प्रदेश का युवा आत्मनिर्भर बन सके। कॉलेज परिसर में बिताए पलों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों के बीच आकर उन्हें अपने पुराने दिन याद आ गए।
