उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की नई फिल्म नीति की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि उत्तराखंड को लगातार चौथे वर्ष देश के “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” (सर्वाधिक फिल्म अनुकूल राज्य) के राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए कहा कि राज्य की प्रभावी फिल्म नीति ने न केवल फिल्म निर्माण की गतिविधियों को बढ़ाया है, बल्कि प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दी है।
इस नीति के सकारात्मक परिणामों का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं और पर्यटन को भी जबरदस्त बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि को राज्य के प्रगतिशील दृष्टिकोण और अनुकूल नीतिगत वातावरण का प्रमाण बताया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तराखंड फिल्म जगत के लिए पहली पसंद बनकर उभरेगा।
