प्रधानमंत्री मोदी को ब्राज़ील के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से किया गया सम्मानित
प्रधानमंत्री मोदी को ब्राज़ील का सर्वोच्च सम्मान "ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस" मिला, यह सम्मान केवल विदेशी नागरिकों को दिया जाता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ब्राज़ील के सर्वोच्च सम्मान "ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस" से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान केवल विदेशी नागरिकों को मित्रता और सम्मान के प्रतीक के रूप में दिया जाता है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान वर्ष 1822 में ब्राज़ील की स्वतंत्रता के उपलक्ष्य में सम्राट पेड्रो प्रथम द्वारा स्थापित किया गया था और 1932 में राष्ट्रपति गेटुलियो वारेगास द्वारा इसे रिपब्लिकन ऑर्डर के रूप में पुनः स्थापित किया गया।
इस अलंकरण में सफेद तारे पर "सदर्न क्रॉस" तारामंडल की आकृति होती है, जो ब्राज़ील का एक प्रमुख राष्ट्रीय प्रतीक है। इसके चारों ओर कॉफी और तंबाकू की शाखाएं होती हैं, जो ब्राज़ील की सांस्कृतिक और कृषि विरासत का प्रतिनिधित्व करती हैं।
प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान मिलने के साथ ही उन्हें अब तक कुल 26 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं, जो वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती साख और प्रधानमंत्री की लोकप्रियता का प्रतीक है।