रायसेन : केन्द्रीय मंत्री रिजिजू ने सांची में दो दिवसीय महाबोधी महोत्सव का किया शुभारंभ
केन्द्रीय अल्पसंख्यक तथा संसदीय कार्य विभाग मंत्री किरेन रिजिजू द्वारा रायसेन जिले की विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी सांची स्थित बुद्ध जम्बू-दीप पार्क में आयोजित दो दिवसीय महा-बोधि महोत्सव

केन्द्रीय अल्पसंख्यक तथा संसदीय कार्य विभाग मंत्री किरेन रिजिजू द्वारा रायसेन जिले की विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी सांची स्थित बुद्ध जम्बू-दीप पार्क में आयोजित दो दिवसीय महा-बोधि महोत्सव का दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया गया। महोत्सव के प्रारंभ में केन्द्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा कि मध्यप्रदेश के लोगों को इस बात का एहसास होगा कि वह कितने पवित्र स्थान के पास रहते हैं।
सांची के बौद्ध स्तूप की पवित्रता और ज्ञान देश.विदेश में विख्यात है। पूरे विश्व में बौद्ध धर्म को मानने वालों के मन में यह इच्छा जरूर होती है कि वह अपने जीवन काल में भारत दर्शन करें और सांची की पवित्र नगरी जरूर देखें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र में दुनिया को संदेश दिया कि भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं बुद्ध दिया है। सम्राट अशोक के बाद दुनिया को इतना बड़ा संदेश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिया है। इस दुनिया में समृद्धि और शांति के लिए भगवान बुद्ध की शरण में जाना होगा। भारत सरकार के नेतृत्व में वर्ष 2014 में बुद्ध जयंती को मनाने के लिए समिति ने निर्णय लिया। महाबोधि महोत्सव के प्रथम दिवस प्रख्यात कलाकारों द्वारा बौद्ध कलाओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं।