आईआईटी दिल्ली ने रचा इतिहास, QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में 123वें स्थान पर पहुँचा
QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025 में भारत के 54 संस्थानों को स्थान मिला है। IIT दिल्ली 123वें स्थान के साथ देश का टॉप संस्थान बना। यह अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।

QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025 में भारत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। इस साल रिकॉर्ड 54 भारतीय संस्थानों को इस प्रतिष्ठित वैश्विक सूची में स्थान मिला है। इनमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली देश का सर्वोच्च रैंक प्राप्त करने वाला संस्थान बना है, जिसे 123वां स्थान प्राप्त हुआ है। पिछली बार इसकी रैंकिंग 150 थी। यह आईआईटी दिल्ली की अब तक की सबसे ऊंची वैश्विक रैंकिंग है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया पर इसे लेकर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में केवल 11 भारतीय विश्वविद्यालय इस सूची में शामिल होते थे, जो अब पांच गुना बढ़कर 54 हो गए हैं। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू किए गए शैक्षिक सुधारों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की सफलता का प्रमाण बताया।
मंत्री प्रधान ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति भारत के शिक्षा क्षेत्र में केवल परिवर्तन नहीं ला रही, बल्कि इसमें एक नई क्रांति भी ला रही है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि भारत अब G-20 देशों में सबसे तेज़ी से आगे बढ़ने वाली शिक्षा प्रणाली वाला देश बन गया है और अमेरिका, ब्रिटेन और चीन के बाद चौथी सबसे बड़ी भागीदारी वाला देश भी है।