संयुक्त राष्ट्र ने शांति मिशन में सेवा के दौरान शहीद हुए शांतिरक्षक ब्रिगेडियर अमिताभ झा और हवलदार संजय सिंह को डैग हैमरशॉल्ड पदक से सम्मानित किया

संयुक्त राष्ट्र ने भारतीय शांतिरक्षक ब्रिगेडियर अमिताभ झा और हवलदार संजय सिंह को मरणोपरांत डैग हैमरशॉल्ड पदक से सम्मानित किया, शांति मिशन में उनकी वीर सेवा को श्रद्धांजलि दी गई।

संयुक्त राष्ट्र ने शांति मिशन में सेवा के दौरान शहीद हुए शांतिरक्षक ब्रिगेडियर अमिताभ झा और हवलदार संजय सिंह को डैग हैमरशॉल्ड पदक से सम्मानित किया

संयुक्त राष्ट्र ने शांति मिशन में सेवा के दौरान शहीद हुए भारतीय शांतिरक्षक ब्रिगेडियर अमिताभ झा और हवलदार संजय सिंह को डैग हैमरशॉल्ड पदक से सम्मानित किया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी हरीश ने शहीद हुए शांतिरक्षकों के सम्मान में आयोजित एक समारोह में महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से ये पदक प्राप्त किए। 77वां संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिक दिवस कल मनाया गया, जिसमें 61 हजार 353 शांति सैनिकों का सम्मान किया गया, इनमें से 5 हजार 375 भारतीय सैनिक थे।

अमिताभ झा संयुक्त राष्ट्र विघटन पर्यवेक्षक बल के कार्यवाहक बल कमांडर थे, जिन्हें 1973 के युद्ध के बाद इजरायल और सीरिया के बीच संघर्ष विराम की निगरानी के लिए गोलान हाइट्स में तैनात किया गया था। हवलदार संजय सिंह ने कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में संयुक्त राष्ट्र संगठन स्थिरीकरण मिशन-मोनुस्को के साथ काम किया था, और सेवा के दौरान उनका निधन हो गया था।

इस बीच, भारतीय सेना ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर एक समारोह आयोजित किया, जिसमें संयुक्त राष्ट्र की सेवा में शहीद हुए ब्लू हेलमेट्स की याद में श्रद्धांजलि दी गई। उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राकेश कपूर ने 182 भारतीय शांति सैनिकों को श्रद्धांजलि देने वाले समारोह का नेतृत्व किया।