केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, सरकार ने हर गरीब को पक्का घर देने के लिए 2.95 करोड़ मकानों की स्वीकृति दी
केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हर गरीब व्यक्ति को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने दो करोड़ 95 लाख मकान बनाने की स्वीकृति दी है।

केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हर गरीब व्यक्ति को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने दो करोड़ 95 लाख मकान बनाने की स्वीकृति दी है। आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में दो करोड़ और मकान बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 38 लाख घर आवंटित किए गए हैं। इसके लिए दस हजार छह सौ करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई थी।
उन्होंने कहा कि पीएम-जनमन योजना के तहत वर्ष 2024-25 के लिए विशेष रूप से आदिवासी परिवारों के लिए 46 हजार से अधिक आवास आवंटित किए गए हैं।
श्री चौहान ने महिला सशक्तिकरण की चर्चा करते हुए कहा कि आजीविका मिशन से 10 करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 1 करोड़ 15 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।