आगरा में रुनकता फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा, महिला और बच्चे समेत चार की मौत

आगरा के रुनकता फ्लाईओवर पर देर रात ट्रक और कंटेनर की टक्कर में महिला और बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई, एक गंभीर रूप से घायल।

आगरा में रुनकता फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा, महिला और बच्चे समेत चार की मौत

आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में रुनकता फ्लाईओवर पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। आगरा से मथुरा जा रहा बांस और बल्लियों से भरा कंटेनर सामने से आ रही ट्रक से जोरदार टकरा गया। इस भयावह टक्कर में कंटेनर की केबिन में बैठे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में एक महिला, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृत कंटेनर चालक एटा का निवासी था, जबकि महिला आगरा के शमशाबाद क्षेत्र की बताई जा रही है। बच्चे और एक अन्य व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हटवाया।