वार्षिक श्री अमरनाथ जी यात्रा के लिए 4,822 श्रद्धालुओं का पहला जत्था आज जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप से रवाना हुआ। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इस पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रद्धालुओं को पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों के लिए रवाना किया। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा में शामिल होने के लिए लगातार जम्मू पहुंच रहे हैं।
भगवती नगर बेस कैंप में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। जैसे ही पहला काफिला पवित्र गुफा मंदिर के लिए रवाना हुआ, श्रद्धालुओं में खास उत्साह नजर आया।
पहले जत्थे में कुल 4,822 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें से 2,312 श्रद्धालु बालटाल मार्ग से और 2,510 श्रद्धालु पहलगाम मार्ग से यात्रा करेंगे। यह जत्था 147 वाहनों के काफिले के साथ रवाना हुआ।
कुल 4,822 श्रद्धालुओं में 3,707 पुरुष, 816 महिलाएं, 16 बच्चे, 246 साधु और 37 साध्वियां शामिल हैं।
यात्रा पर जाने वाले कई श्रद्धालुओं, खासकर पहली बार अमरनाथ यात्रा करने वालों ने जम्मू प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। श्रद्धालुओं ने सुरक्षा, आवास और अन्य सुविधाओं को संतोषजनक बताया।
