फीफा वर्ल्ड कप में बेल्जियम ने शानदार वापसी करते हुए राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में सेनेगल को अतिरिक्त समय में 3-2 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली है। बेहद रोमांचक मुकाबले में यूरी टिलेमांस ने 125वें मिनट में पेनल्टी पर गोल कर बेल्जियम को नाटकीय जीत दिलाई। इस जीत के साथ बेल्जियम की अपराजेय लय 17 मैचों तक पहुंच गई है।
सह-मेजबान अमेरिका ने भी नॉकआउट चरण में वर्ष 2002 के बाद अपनी पहली जीत दर्ज की। अमेरिका ने राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में बोस्निया और हर्जेगोविना को 2-0 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया। अब अगले मुकाबले में अमेरिका का सामना बेल्जियम से होगा।
वहीं, अटलांटा में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य को 2-1 से मात दी। इंग्लैंड की ओर से हैरी केन ने अंतिम 15 मिनट में दो गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। अब इंग्लैंड का सामना 6 जुलाई को सह-मेजबान मेक्सिको से होगा।
एक अन्य राउंड ऑफ 32 मुकाबले में मेक्सिको ने मेक्सिको सिटी में इक्वाडोर को 2-0 से हराकर अंतिम-16 में जगह पक्की की।
अन्य मुकाबलों में फ्रांस ने न्यूयॉर्क में स्वीडन को 3-0 से हराया, जबकि नॉर्वे ने टेक्सास में आइवरी कोस्ट को 2-1 से शिकस्त देकर अंतिम-16 में प्रवेश किया।
