नागोया के सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में 2026 एशियाई खेलों का आधिकारिक तौर पर समापन हो गया है। इसके साथ ही 43 खेलों में दो सप्ताह से अधिक समय से चली आ रही प्रतिस्पर्धाओं का दौर समाप्त हो गया। ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) के अध्यक्ष ने आधिकारिक तौर पर खेलों के समापन की घोषणा की।
समापन समारोह के दौरान एशियाई खेलों की मशाल और झंडा कतर के प्रतिनिधियों को सौंपा गया, जो 2030 में दोहा में अगले संस्करण की मेजबानी करेगा।
एशियन गेम्स 2026 में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने वाली भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने समापन समारोह में भारत के ध्वजवाहक के रूप में देश का प्रतिनिधित्व किया। भारत ने इस बार 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य सहित कुल 85 पदक जीतकर तालिका में चौथा स्थान हासिल किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय दल के सभी खिलाड़ियों की लगन, जुनून और उत्कृष्ट खेल भावना की सराहना करते हुए बधाई दी। उन्होंने पदक विजेताओं को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि यह प्रदर्शन देश में जमीनी स्तर पर खेलों को मजबूत करेगा और भविष्य में और बड़े अवसरों के लिए प्रेरित करेगा।
