प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना ने मुरादाबाद जिले के हजारों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई हैं। अब तक जिले में 11 लाख 90 हजार से अधिक पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे वे मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज का लाभ उठा रहे हैं।
वर्तमान में मुरादाबाद जिले में 102 निजी और 29 सरकारी अस्पताल इस योजना के तहत पंजीकृत हैं। इन अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड धारकों को प्राथमिकता के आधार पर इलाज दिया जा रहा है, जिससे उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधा मिल रही है।
आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1,90,488 मरीजों ने निजी अस्पतालों में गंभीर बीमारियों का इलाज कराया है, जबकि 17,084 मरीजों ने सरकारी अस्पतालों में इस योजना का लाभ लिया है। आयुष्मान योजना के कारण अब मरीजों को आर्थिक तंगी की वजह से इलाज में देरी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी डॉ. राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जिले में शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे।
