पंजाब के बठिंडा जिले में विजिलेंस विभाग ने गांव कालझराणी की मौजूदा सरपंच सतवीर कौर के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई गांव भगवानगढ़ निवासी जतिंदर सिंह की शिकायत के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, जतिंदर सिंह ने वर्ष 2023 में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें जंगलात विभाग में आउटसोर्सिंग भर्ती के तहत ड्राइवर की नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनसे 8,500 रुपये प्रति माह रिश्वत की मांग की गई थी और इस दौरान उन्होंने 10,000 रुपये की राशि भी दे दी थी।
बताया जा रहा है कि सतवीर कौर आम आदमी पार्टी से जुड़ी हुई हैं और उस समय महिला विंग की जिला अध्यक्ष भी थीं। जतिंदर सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने इस मामले में जंगलात विभाग के चेयरमैन राकेश पुरी और सरपंच सतवीर कौर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद विजिलेंस विभाग ने कार्रवाई करते हुए सतवीर कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जबकि चेयरमैन राकेश पुरी को जांच में शामिल किया गया है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि सरपंच द्वारा उन्हें धमकियां दी जा रही हैं।
जतिंदर सिंह ने यह भी दावा किया कि चेयरमैन अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल विजिलेंस विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
