हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के पटियाला जिले के पंजोला-सनौर क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सरदार सतपाल सिंह पुनिया, उनके साथियों और परिवार का भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती बलिदानी गुरुओं की धरती है और यहीं से परिवर्तन की नई लहर उठ रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब और हरियाणा के रिश्तों को मजबूत बताते हुए कहा कि दोनों राज्यों का रिश्ता खून का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जनता से किए गए हर वादे को तेजी से पूरा करने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने हरियाणा सरकार की किसान हितैषी नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में किसानों की 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है और किसानों के खातों में 48 घंटे के भीतर भुगतान कर दिया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से बातचीत के दौरान दिल्ली के मोहल्ला क्लिनिक मॉडल का जिक्र करते हुए कहा कि अब पंजाब में भी ऐसे मॉडल को खत्म करने का समय आ गया है।
इस कार्यक्रम में पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, वरिष्ठ नेत्री महारानी परनीत कौर सहित कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी लोगों का आभार जताया और पंजाब की जनता के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
