केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज गुजरात में देश की पहली सहकारिता आधारित टैक्सी सेवा भारत टैक्सी का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में सहकारिता क्षेत्र के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि और भारत टैक्सी से जुड़े चार हजार से अधिक सारथी शामिल होंगे।
भारत टैक्सी एक डिजिटल मोबिलिटी प्लेटफॉर्म है, जिसे सहकारिता के सिद्धांतों पर विकसित किया गया है। यह सेवा ‘सारथी ही मालिक’ की अवधारणा पर आधारित है, जिसके तहत टैक्सी चालक केवल सेवा प्रदाता नहीं बल्कि प्लेटफॉर्म के सहभागी और मालिक भी होंगे।
इस मॉडल के जरिए टैक्सी चालकों को आर्थिक सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और स्वामित्व जैसे लाभ मिलेंगे। यह पहल सहकारिता मॉडल को नई दिशा देने के साथ-साथ परिवहन क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव ला सकती है।
भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत गुजरात के कई प्रमुख शहरों और जिलों में की जा रही है। इनमें अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, द्वारका, सोमनाथ, वलसाड, आनंद, जामनगर, भावनगर, नडियाद, जूनागढ़, मेहसाणा और अमरेली शामिल हैं।
योजना के अनुसार अगले एक महीने के भीतर भारत टैक्सी की सेवाएं पूरे गुजरात में उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
