फीफा वर्ल्ड कप में ब्राजील ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैती को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। फिलाडेल्फिया स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ब्राजील की ओर से मैथियस कुन्हा ने शानदार खेल दिखाते हुए पहले हाफ में दो गोल दागे।
ब्राजील के लिए तीसरा गोल विनीसियस जूनियर ने हाफ टाइम से पहले किया, जिससे टीम ने मुकाबले पर पूरी पकड़ बना ली। दूसरे हाफ में कोई गोल नहीं हुआ और ब्राजील ने आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
ब्राजील पर इस मैच में जीत का दबाव था, क्योंकि टीम को अपने पहले ग्रुप सी मुकाबले में मोरक्को के खिलाफ ड्रॉ से संतोष करना पड़ा था। इस जीत के साथ ब्राजील गोल अंतर के आधार पर ग्रुप में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है।
वहीं, ग्रुप सी के एक अन्य मुकाबले में मोरक्को ने स्कॉटलैंड को 1-0 से हराया। मैच के पहले ही मिनट में इस्माइल साइबारी ने गोल कर मोरक्को को बढ़त दिलाई, जिसे टीम ने अंतिम सीटी तक बरकरार रखा।
दूसरी ओर, ग्रुप डी में अमेरिका ने ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हराकर नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। अमेरिका ने पहले हाफ में ही बढ़त बना ली थी। पहला गोल ऑस्ट्रेलिया के कैमरून बर्गेस के आत्मघाती गोल से मिला, जबकि दूसरा गोल एलेक्स फ्रीमैन ने हेडर के जरिए किया।
अमेरिका की यह लगातार दूसरी जीत रही। इससे पहले टीम ने अपने शुरुआती मुकाबले में पैराग्वे को 4-1 से हराया था। दो मैचों में दो जीत के साथ अमेरिका, मेक्सिको के बाद नॉकआउट चरण में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है।
यह पहली बार है जब अमेरिका ने ग्रुप चरण का एक मैच बाकी रहते हुए नॉकआउट के लिए क्वालीफाई किया है। साथ ही 96 साल में यह पहली बार है जब अमेरिकी टीम ने वर्ल्ड कप में लगातार दो मुकाबले जीते हैं।
