प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान देशभर के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में सीधे वित्तीय सहायता राशि ट्रांसफर की जाएगी।
सरकारी जानकारी के अनुसार, इस किस्त के तहत 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। प्रधानमंत्री इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान किसानों से वर्चुअल संवाद भी करेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे।
गुजरात में इस योजना का लाभ 51.28 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा। राज्य के किसानों के खातों में 1,025 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की जाएगी। इस अवसर पर गांधीनगर के टाउन हॉल में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन होगा।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पीएम किसान योजना के तहत अब तक 22 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। योजना की शुरुआत से अब तक देशभर के 11 करोड़ से अधिक किसानों को कुल 4.28 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की वित्तीय सहायता दी जा चुकी है।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्रों, मार्केट यार्ड, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों और प्राथमिक कृषि ऋण समितियों में किया जाएगा। जिला, तहसील और गांव स्तर पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर अपनी यात्रा की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 20 और 21 जून को वे राज्य में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि पीएम किसान की 23वीं किस्त जारी करने के साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत एग्री स्टैक, प्राकृतिक खेती पर राष्ट्रीय मिशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना जैसी कई अहम योजनाओं की शुरुआत भी की जाएगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोलकाता में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
