दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई। भूकंप के कारण पश्चिमी कोलंबिया के कई शहरों में 47 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों इमारतें ढह गईं। कई लोग मलबे में फंस गए और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।
भूकंप के तेज झटकों के बाद लोगों में दहशत फैल गई और कई इलाकों में नागरिक अपने घरों से बाहर निकल आए। राजधानी बोगोटा तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। पड़ोसी देश इक्वाडोर में भी भूकंप का असर महसूस किया गया।
अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) और कोलंबिया की संबंधित एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र चोको क्षेत्र के सैन जोस डेल पालमार में था। करीब 4,800 आबादी वाला यह इलाका राजधानी बोगोटा से लगभग 250 मील पश्चिम में स्थित है।
USGS के मुताबिक भूकंप करीब 66 मील की गहराई में आया। शक्तिशाली झटकों के कारण कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और कुछ स्थानों पर इमारतें पूरी तरह ढह गईं। राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने तथा घायलों को उपचार उपलब्ध कराने में जुटे हैं।
