कॉमनवेल्थ गेम्स (राष्ट्रमंडल खेल) 2026 का 23वां संस्करण 23 जुलाई से 2 अगस्त के बीच आयोजित होने जा रहा है। पूरे 12 साल बाद एक बार फिर स्कॉटलैंड का ग्लासगो शहर इन खेलों की मेजबानी करेगा। इससे पहले ग्लासगो ने साल 2014 में 14 वेन्यू पर 17 खेलों की सफल मेजबानी की थी। हालांकि, इस बार 8 मील के कॉरिडोर में स्थित महज चार प्रमुख वेन्यू पर ही 10 खेलों का आयोजन किया जाएगा।
केवल 10 खेल होंगे शामिल, कई प्रमुख खेल बाहर
साल 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 20 खेल शामिल थे, लेकिन इस बार लागत और व्यवस्थाओं को सीमित रखने के उद्देश्य से खेलों की संख्या घटाकर 10 कर दी गई है।
- शामिल खेल: एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स, स्विमिंग और पैरा स्विमिंग, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक, ट्रैक साइकिलिंग और पैरा ट्रैक साइकिलिंग, नेटबॉल, वेटलिफ्टिंग और पैरा वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग, जूडो, बॉल्स और पैरा बॉल्स, तथा 3×3 बास्केटबॉल और 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल।
- बाहर हुए खेल: इस बार क्रिकेट, हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती, स्क्वैश, रिदमिक जिम्नास्टिक, टेबल टेनिस, डाइविंग, रग्बी सेवेंस, बीच वॉलीबॉल और माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिताओं को गेम्स का हिस्सा नहीं बनाया गया है।
चार प्रमुख वेन्यू पर सजेंगे पदक के मुकाबले
- ग्लासगो इंटरनेशनल एरिना: यहाँ कुल 60 मेडल इवेंट होंगे। 24 से 28 जुलाई के बीच जिम्नास्टिक्स के 14 मेडल इवेंट खेले जाएंगे। इसी परिसर में स्थित सर क्रिस होय वेलोड्रोम (Sir Chris Hoy Velodrome) में 30 जुलाई से 2 अगस्त तक ट्रैक साइकिलिंग (18) और पैरा ट्रैक साइकिलिंग (8) की स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
- स्कॉटिश इवेंट कैंपस (SEC): इसके तीन हिस्सों में 6 खेलों के कुल 60 मेडल इवेंट होंगे:
- द हाइड्रो: नेटबॉल (1) की मेजबानी करेगा।
- एसईसी आर्माडिलो: वेटलिफ्टिंग (16) और पैरा पावरलिफ्टिंग (4) खेलों की मेजबानी करेगा।
- एसईसी सेंटर: यहाँ 3×3 बास्केटबॉल (2), बॉक्सिंग (14), जूडो (14), बॉल्स (4), 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल (2) और पैरा बॉल्स (3) के मुकाबले होंगे।
- टोलक्रॉस इंटरनेशनल स्विमिंग सेंटर: यहाँ स्विमिंग (42) और पैरा स्विमिंग (14) के कुल 56 मेडल इवेंट का आयोजन किया जाएगा।
- स्कॉटस्टाउन स्टेडियम: यह स्टेडियम एथलेटिक्स (43) और पैरा एथलेटिक्स (16) के कुल 59 मेडल इवेंट की मेजबानी करेगा।
