अक्टूबर में बाकू में आयोजित होने वाले पहले फीफा अंडर-15 विश्व कप के लिए भारत को ग्रुप-के में बहरीन, कैमरून, ग्रेनेडा, लाओस और सेनेगल के साथ रखा गया है। भारत की अंडर-15 पुरुष फुटबॉल टीम बाकू के होवसन कॉम्पिटिशन कॉम्प्लेक्स में क्वालिफिकेशन स्टेज के दौरान तीन दिनों में कुल पांच मैच खेलेगी।
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 24 अक्टूबर को लाओस के खिलाफ करेगी। इसके अगले दिन (25 अक्टूबर) भारत दो मैच खेलेगा—पहले कैमरून और फिर ग्रेनाडा के खिलाफ। ये सभी मुकाबले पिच 1बी पर आयोजित होंगे। इसके बाद 26 अक्टूबर को भारत एक और डबल-हेडर मुकाबले में पिच 9ए पर बहरीन और पिच 8ए पर सेनेगल का सामना करते हुए अपना क्वालिफिकेशन चरण पूरा करेगा।
इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में फीफा के सभी सदस्य संघों को शामिल किया गया है, जिसके तहत 191 राष्ट्रीय टीमों को 32 समूहों में विभाजित किया गया है। 6 दिनों तक चलने वाले इस खेल आयोजन में 20 पिचों पर कुल 943 मैच खेले जाएंगे।
यह टूर्नामेंट 8 बनाम 8 (8v8) प्रारूप में खेला जाएगा, जिसमें 20-20 मिनट के दो हाफ और 5 मिनट का हाफ-टाइम ब्रेक होगा। मैचों का आयोजन 68 मीटर x 50 मीटर की पिच पर होगा और पूरे खेल के दौरान रोलिंग सब्स्टिट्यूशन की अनुमति रहेगी।
भाग लेने वाली टीमें 22 अक्टूबर को बाकू पहुंचेंगी, जिसके बाद 23 अक्टूबर को आधिकारिक अभ्यास दिवस होगा। 24 से 26 अक्टूबर तक क्वालिफिकेशन स्टेज, 27 अक्टूबर को विश्राम दिवस, 28 और 29 अक्टूबर को टूर्नामेंट स्टेज तथा 30 अक्टूबर को टियर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
वर्तमान में भारतीय टीम बेंगलुरु के सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में अभ्यास शिविर में भाग ले रही है। अजरबैजान रवाना होने से पहले टीम घरेलू मैदान पर अंतर्राष्ट्रीय मैत्रीपूर्ण मैच खेलेगी, जिसके बाद 14 खिलाड़ियों की अंतिम टीम का चयन किया जाएगा। गौरतलब है कि 2027 में इस टूर्नामेंट का दूसरा संस्करण केवल लड़कियों की टीमों के लिए आयोजित होगा, जबकि 2028 से लड़कों और लड़कियों दोनों की अंडर-15 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
