दसवें सिख गुरु गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाशोत्सव के पावन अवसर पर आज सुबह तख्त साहिब से एक भव्य प्रभातफेरी निकाली गई। इस प्रभातफेरी में देश-विदेश से आए हजारों सिख श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया।
प्रभातफेरी के दौरान पूरे मार्ग पर आध्यात्मिक और उत्सव का वातावरण बना रहा। बैंड-बाजों की धुनों के साथ श्रद्धालु सबद कीर्तन का गायन करते नजर आए। वहीं सिख युवाओं ने गतका, तलवारबाजी और अन्य पारंपरिक युद्ध कौशल का प्रदर्शन कर गुरु गोविंद सिंह जी की वीरता और शौर्य परंपरा को जीवंत किया।
श्रद्धालुओं ने गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया। प्रभातफेरी के शांतिपूर्ण और भव्य आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
