मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित ‘उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव 2026’ में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और समाज कल्याण की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।
विभूतियों का सम्मान और ‘आदि गौरव’ की गूंज
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज और कला जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया। उन्होंने प्रसिद्ध थारू लोक गायिका स्व. रिंकू देवी राणा को मरणोपरांत और श्री दर्शन लाल को प्रतिष्ठित ‘आदि गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी जनजातीय विरासत उत्तराखंड की असली पहचान है और इसका संरक्षण हमारी प्राथमिकता है।
142.72 करोड़ रुपये की पेंशन राशि का डिजिटल हस्तांतरण
जनजातीय कल्याण के साथ-साथ समाज कल्याण विभाग की सक्रियता को दर्शाते हुए, मुख्यमंत्री ने एक सिंगल क्लिक के माध्यम से ₹142.72 करोड़ की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी गई यह राशि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत दी गई है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक तकनीक और पारदर्शी व्यवस्था के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सरकारी योजनाओं का पैसा बिना किसी बिचौलिए के सीधे जरूरतमंदों तक पहुँचे।
